Tuesday, Jun 16, 2026 | Last Update : 04:14 PM IST
माता वैष्णो देवी के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक अच्छी खबर है। मोदी सरकार अब देश की सबसे आधुनिक और सेमी बुलेट ट्रेन 'वंदे भारत' को कटरा के लिए शुरू करने जा रही है। 'वंदे भारत' ट्रेन नई दिल्ली से कटरा के लिए चलने वाली है। इस ट्रेन में आप नई दिल्ली से कटरा तक की दूरी महज ८ घंटे में पूरी कर सकेंगे।
मोदी सरकार द्वारा इस रूट पर 'वंदे भारत' ट्रेन का ट्रायल जल्द ही शुरू होने वाला है। रेलवे ने इसकी तैयारी भी शुरू कर दी है। बता दें कि नई दिल्ली से कटरा तक के सफर के दौरान महज ३ स्टॉपेज ही होंगे। ये ट्रेन नई दिल्ली से चलने के बाद अंबाला जंक्शन, लुधियाना, जम्मू तवी होते हुए कटरा पहुंचेगी। हर स्टेशन पर ट्रेन की स्टॉपेज महज दो मिनट की होगी। मौजूदा समय में दिल्ली से ट्रेन द्वारा कटरा पहुंचने में १० से १२ घंटे लगते हैं।
-'वंदे भारत' ट्रेन सुबह ६ बजे कटरा के लिए दिल्ली से चलेगी। ट्रेन सुबह ८ बज कर १० मिनट पर अंबाला जंक्शन पहुंचेगी, इसके बाद ट्रेन ९.२२ मिनट पर लुधियाना पहुंचेगी। यहां के बाद ट्रेन ९ बजकर २४ मिनट पर लुधियाना से चलकर १२ बजकर ४० मिनट पर जम्मू तवी पहुंचेगी और फिर दोपहर २ बजे कटरा स्टेशन पर पहुंच जाएगी।
गौरतलब है कि वंदे भारत दिल्ली और वाराणसी के बीच सप्ताह में पाँच दिन चलती है। इस ट्रेन की रफ्तार १३० किमी/घंटा है। यह ट्रेन न केवल उच्च गति का दावा करती है, बल्कि इसमें स्वचालित दरवाजे, १८० डिग्री वाली सीटें, वाई-फाई और इंफोटेनमेंट सिस्टम जैसी कई सुरक्षा और आराम सुविधाएं हैं।
...
Leave a Comment
Recent Comments (0)
No comments yet. Be the first to comment!