Wednesday, Jun 17, 2026 | Last Update : 10:35 AM IST
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बुधवार को कर्नाटक के कलबुर्गी और तमिलनाडु के कांचीपुरम के दौरे पर है। इस दौरान प्रधानमंत्री कई परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। कर्नाटक में स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र को व्यापक प्रोत्साहन देते हुए प्रधानमंत्री ईएसआईसी हॉस्पिटल एंड मेडिकल कॉलेज, बेंगलुरु राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इस ईएसआईसी हॉस्पिटल में १०० सीट वाला मेडिकल कॉलेज भी होगा। प्रधानमंत्री हुबली में एक अस्पताल के सुपर स्पेशिएलिटी ब्लॉक को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। बेंगलोर यूनिवर्सिटी में पूर्वोत्तर क्षेत्र की छात्राओं के लिए महिला छात्रावास को भी समर्पित करेंगे।
वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तमिलनाडु के कांचीपुरम जिले में ५०१० करोड़ रुपये की पांच राजमार्ग परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और कुछ का उद्घाटन करेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री तमिलनाडु की राजमार्ग अवसंरचना को व्यापक प्रोत्साहन देते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-४५ सी के विक्रवंदी-सेतियातोप्पु खंड, सेतियातोप्पु-चोलापुरम खंड और चोलापुरम- तंजावुर खंड को चार लेन का बनाने की आधारशिला रखेंगे।
-प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या -२३४ को भी मजबूत बनाने के लिए, वाहन मार्ग और पुलियों के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण की आधारशिला रखेंगे। वह राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-३८१ के चार लेन के अविनाशी-तिरुपुर-अविनाशीपलयम खंड और सुदृढ़ीकृत वाहन मार्ग को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
प्रधानमंत्री इरोड-करूर-तिरुचिरापल्ली और सलेम-करूर-डिंडीगुल रेलवे लाइनों के विद्युतीकरण को राष्ट्र को समर्पित करेंगे । इस विद्युतीकरण से ग्रीन हाउस गैसों के उत्सर्जन तथा लोगों के आने-जाने और माल की आवाजाही में लगने वाले समय में कमी आएगी। प्रधानमंत्री एन्नोर एलएनजी टर्मिनल राष्ट्र को समर्पित करेंगे । वे वीडियो लिंक के जरिए चेन्नई में डॉ. एमजीआर जानकी कॉलेज ऑफ आर्ट्स एंड साइंस फॉर वुमन में डॉ. एमजी रामचंद्रन की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। प्रधानमंत्री कांचीपुरम में आयुष्मान भारत के लाभार्थियों के साथ भी बातचीत करेंगे।
...
Leave a Comment
Recent Comments (0)
No comments yet. Be the first to comment!