Wednesday, Jun 17, 2026 | Last Update : 09:25 AM IST
भगोड़े हीरा कारोबारी नीरव मोदी के १०० करोड़ के आलीशान बंगले को शुक्रवार प्रशासन ने चंद सेकेंड में ध्वस्त कर दिया। अलीबाग के किहिम बीच के नजदीक ३३,००० वर्गफीट में बसे इस बंगले को १०० से ज्यादा डायनामाइट छड़ों को रख कर धवस्त कर दिया गया। बंगले को ध्वस्त करने से पहले बंगले के सभी शीशों को तोड़कर मलबे में तब्दील किया गया। बंगले में लगे शीशों को इसलिए हटाया गया क्योंकि विस्फोट के बाद यदी शीशे उड़कर पास के बंगलों में गिरे तो इससे बड़ा नुकसान हो सकता था।
कड़ी सुरक्षा के बीच पहला विस्फोट सुबह ११.१५ पर किया गया। बता दें कि नीरव मोदी के इस बंगले की लागत १०० करोड़ है। कई बेडरूम और हॉल वाले इस बंगले में फर्स्ट फ्लोर पर १००० वर्ग फीट का स्वीमिंग पूल भी है। जानकारों की माने तो नीरव मोदी ने इस बंगले के बाहर अवैध तरीके से एक गार्डन भी बनवाया था।
-महाराष्ट्र सरकार द्वारा नीरव मोदी के इस बंगले को गिराने का आदेश ४ दिसंबर को ही जारी कर दिया गया था। आदेश पर अमल करते हुए बंगले को तोड़ने का पहला चरण २५ जनवरी को शुरू हुआ था। बता दें कि नीरव मोदी को अलीबाग क्षेत्र में ३७६ वर्ग मीटर के प्लॉट पर बंगला बनाने की परमिशन मिली थी, लेकिन उसने १०८१ वर्ग मीटर जगह का घेराव किया। अब सरकार द्वारा इस अवैध निर्माण को ढहाया जा रहा है। गौरतलब है कि पंजाब नेशनल बैंक में १४,००० करोड़ रुपए के धोखाधड़ी मामले में नीरव मोदी मुख्य आरोपी है और देश से फरार है।
...
Leave a Comment
Recent Comments (0)
No comments yet. Be the first to comment!